खटीमा में वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, एसएसपी रुद्रपुर अजय गणपति के निर्देश पर 04 अक्टूबर को रहेगा डायवर्जन

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

खटीमा वीवीआईपी कार्यक्रम यातायात व्यवस्था

खटीमा में वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, एसएसपी रुद्रपुर अजय गणपति के निर्देश पर 04 अक्टूबर को रहेगा डायवर्जन

खटीमा। 04 अक्टूबर 2026 को खटीमा में आयोजित होने वाले वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान लागू किया है। एसएसपी रुद्रपुर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वीवीआईपी आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

टनकपुर से रुद्रपुर और पीलीभीत जाने वाले वाहन

पुलिस के अनुसार टनकपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को चकरपुर बाईपास से चौकी प्रतापपुर एवं सत्रमील चौकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं पीलीभीत की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को लोहिया हेड तिराहा, कपूर तिराहा एवं मुंडेली चौराहा होते हुए भेजा जाएगा।

पीलीभीत से टनकपुर और रुद्रपुर जाने वाले वाहन

पीलीभीत की ओर से आने वाले छोटे वाहन मुंडेली चौराहा, नौगवाठग्गू एवं भूड़ नहर होते हुए रुद्रपुर/टनकपुर की ओर जाएंगे। वहीं पीलीभीत से आने वाले भारी वाहनों को सत्रमील चौकी एवं प्रतापपुर चौकी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

रुद्रपुर से टनकपुर और पीलीभीत जाने का रूट

रुद्रपुर से टनकपुर की ओर जाने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों को चकरपुर बाईपास का प्रयोग करना होगा। वहीं रुद्रपुर से पीलीभीत जाने वाले छोटे वाहन भूड़ चौराहा, नौगवाठग्गू एवं मुंडेली चौराहा होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

मेलाघाट से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी रूट तय

मेलाघाट से रुद्रपुर/टनकपुर की ओर जाने वाले छोटे वाहनों के लिए राजीव नगर चौराहा, कपूर चौराहा, लोहिया हेड चौराहा एवं चकरपुर बाईपास का रूट निर्धारित किया गया है।

वहीं मेलाघाट से पीलीभीत की ओर जाने वाले वाहन राजीव चौक, सीएसडी कैंटीन रोड, साईं तिराहा एवं मुंडेली चौराहा होकर जाएंगे।

वीआईपी और आम वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग

वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग स्थान निर्धारित किए हैं।

A—वर्कशॉप पार्किंग: अतिविशिष्ट महानुभावों यानी VVIP वाहनों के लिए वर्कशॉप पार्किंग निर्धारित की गई है।

B—होलीडे होम पार्किंग: विशिष्ट महानुभावों यानी VIP वाहनों को होलीडे होम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।

C—मंडी पार्किंग: आमजन एवं रैली/कार्यक्रम में आने वाले समस्त वाहनों के लिए मंडी पार्किंग निर्धारित की गई है।

अचानक आने वाले भारी वाहनों को इन स्थानों पर रोका जाएगा

कार्यक्रम के दौरान अचानक आने वाले भारी वाहनों के लिए भी पुलिस ने अलग व्यवस्था की है।

पीलीभीत मार्ग: बड़े वाहनों को मुंडेली चौराहे से करीब 200 मीटर पहले पीलीभीत रोड पर रोककर पार्क कराया जाएगा।

रुद्रपुर-टनकपुर मार्ग: रुद्रपुर से आने वाले बड़े वाहनों को कोर्ट परिसर खटीमा के बाहर उपलब्ध चौड़ी जगह पर पार्क कराया जाएगा।

टनकपुर-खटीमा मार्ग: टनकपुर से खटीमा की ओर आने वाले भारी वाहनों को अमाऊ स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास उपलब्ध उचित स्थान पर पार्क कराया जाएगा।

मेलाघाट मार्ग: मेलाघाट से आने वाले बड़े वाहनों को थाना झनकईया क्षेत्र में उपलब्ध उचित स्थान पर पार्क कराया जाएगा।

ई-रिक्शा, टुक-टुक, मैजिक और ऑटो पर रहेगा प्रतिबंध

वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए ई-रिक्शा, टुक-टुक, मैजिक, ऑटो एवं टेंपो के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम अवधि में इन वाहनों को निर्धारित मार्गों पर संचालित नहीं होने दिया जाएगा।

पुलिस ने आमजन से की सहयोग की अपील

पुलिस ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि 04 अक्टूबर 2026 को खटीमा क्षेत्र में यात्रा करने से पहले निर्धारित डायवर्जन एवं रूट प्लान की जानकारी अवश्य लें। अनावश्यक जाम एवं परेशानी से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। वाहन चालक यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

पुलिस का कहना है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। आमजन के सहयोग से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।