अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
12वें दिन भी नहीं टूटी सीताराम तिवारी की भूख हड़ताल, यशपाल आर्य के खिलाफ फूटा सफाई कर्मियों का गुस्सा, पुतला फूंका
बाजपुर। सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर सीताराम तिवारी की आमरण भूख हड़ताल सोमवार को 12वें दिन भी जारी रही। आंदोलनकारी सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से आंदोलन चलने के बावजूद नेता प्रतिपक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक यशपाल आर्य ने अब तक उनकी कोई सुध नहीं ली।
आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने भगत सिंह चौक पर एकत्र होकर नेता प्रतिपक्ष व विधायक यशपाल आर्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद विरोध-प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंककर नाराजगी जताई।
आंदोलनकारियों का कहना है कि लगातार 12 दिनों से भूख हड़ताल जारी है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी।
प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया और कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रहेगी।
