अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉 मोटाहल्दु 👉
तीनपानी–लालकुआँ NH-109 पर सिर्फ साइनेज से नहीं थमेंगे हादसे! बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर कब जागेगा प्रशासन?
सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर लगे चेतावनी बोर्ड, रंबल स्ट्रिप और कन्वैक्स मिरर, लेकिन अंधेरे में डूबा हाईवे अब भी बना हुआ है मौत का रास्ता।
खबर:
हल्द्वानी। तीनपानी–लालकुआँ राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए हैं। नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई के निर्देश पर एनएचएआई ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे हाईमास्ट लाइटें, कन्वैक्स मिरर, रंबल स्ट्रिप, थर्मोप्लास्ट रोड मार्किंग तथा दिशा-सूचक और चेतावनी बोर्ड लगा दिए हैं। साथ ही बिजली बाधित होने की स्थिति में प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार डीजी सेट भी खरीदे गए हैं।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी जस का तस खड़ा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटें महीनों से बंद पड़ी हैं और रात होते ही हाईवे अंधेरे में डूब जाता है। स्थानीय लोगों और नियमित वाहन चालकों का कहना है कि साइनेज और बोर्ड तभी कारगर होंगे जब सड़क पर पर्याप्त रोशनी होगी। अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सड़क, कट और सर्विस रोड का सही अनुमान नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
लोगों का कहना है कि यदि एनएचएआई ने स्ट्रीट लाइटें लगाई हैं तो उनका नियमित संचालन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या फिर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू कराया जाएगा?
नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने की अपील की है। हालांकि स्थानीय नागरिकों का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों से नहीं, बल्कि बेहतर बुनियादी सुविधाओं से भी सुनिश्चित होती है। ऐसे में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराना प्रशासन और एनएचएआई की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि तीनपानी–लालकुआँ हाईवे पर हादसों की श्रृंखला पर प्रभावी रोक लग सके।
