अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
रुद्रपुर में गरजेगा बुलडोजर! काशीपुर हाईवे चौड़ीकरण के लिए 56 दुकानों पर आज से कार्रवाई
13.72 करोड़ की परियोजना से बदलेगी शहर की तस्वीर, दो महीने में पेयजल लाइन और अगस्त अंत तक हटेंगे बिजली के पोल-ट्रांसफार्मर
रुद्रपुर। काशीपुर हाईवे चौड़ीकरण परियोजना के तहत बुधवार से प्रशासन रुद्रपुर में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने जा रहा है। हाईवे को चौड़ा करने के लिए 56 दुकानों पर प्रशासन का बुलडोजर चलेगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की 13.72 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य डीडी चौक से गाबा चौक तक वर्षों से लगने वाले जाम से शहरवासियों को राहत दिलाना है।
प्रशासन द्वारा पहले ही प्रभावित दुकानदारों को चिन्हित क्षेत्र तक स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अधिकांश स्थानों पर कार्रवाई नहीं होने पर मुनादी कराकर अंतिम सूचना दी गई। अब प्रशासन स्वयं अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाएगा। कई दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले अपनी दुकानों को खुद ही हटाना शुरू कर दिया है।
योजना के तहत वर्तमान करीब 60 फीट चौड़ी सड़क को और चौड़ा किया जाएगा, जिससे काशीपुर हाईवे पर यातायात अधिक सुगम होगा और त्रिशूल चौक व डीडी चौक के आसपास लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
अतिक्रमण हटते ही जल संस्थान पेयजल लाइनों को शिफ्ट करने का काम शुरू करेगा। विभाग का दावा है कि करीब 80 लाख रुपये की लागत से यह कार्य दो महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। वहीं ऊर्जा निगम भी अगस्त के अंत तक बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर हटाकर नई व्यवस्था स्थापित करेगा, जिसके लिए लगभग 1.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
शहर विधायक शिव अरोरा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि यह रुद्रपुर के सबसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों में से एक है और इसके पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा।

