अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
रुद्रपुर एसएसपी अजय गणपति का आधी रात एक्शन! निजी वाहन से पहुंचे हाईवे चेकिंग, ड्यूटी में लापरवाही पर 9 पुलिसकर्मी निलंबित, 4 से जवाब तलब
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। देर रात मिली फायरिंग की सूचना के बाद एसएसपी ने खुद निजी वाहन से हाईवे पर चल रही पुलिस चेकिंग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई पुलिसकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले, जबकि कुछ ने कंट्रोल रूम और अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन बताकर गुमराह करने की कोशिश की। मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने तत्काल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 4 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 4/5 अगस्त 2026 की रात पंतनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति पर सफेद रंग की स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। बताया गया कि आरोपी वाहन काशीपुर की ओर भागा है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर तत्काल नाकाबंदी और सघन चेकिंग के निर्देश दिए।
इसी बीच एसएसपी अजय गणपति ने किसी को सूचना दिए बिना देर रात करीब 12 बजे निजी वाहन से हाईवे पर स्थापित विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर हाईवे चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त दल के कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी ड्यूटी प्वाइंट की गलत लोकेशन बताई, जबकि वे वास्तविक स्थान पर मौजूद ही नहीं थे। इससे साफ हुआ कि हाईवे चेकिंग के दौरान गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की खुली अवहेलना की जा रही थी।
मामले को बेहद गंभीर मानते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 4 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में पुलिस ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

