अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
केवीएम स्कूल में धधकी दो बसें, बाल-बाल टला बड़ा हादसा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अगर घटना के वक्त मौजूद होते बच्चे तो कौन होता जिम्मेदार? वेल्डिंग कार्य के दौरान आग लगने की आशंका, जांच शुरू
हल्द्वानी। हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल परिसर में मंगलवार शाम अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। स्कूल परिसर में खड़ी दो बसें और एक जनरेटर सेट आग की चपेट में आ गए। गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे, वरना यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था। समय रहते पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 जून 2026 को शाम करीब 7:02 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी को डायल-112 और सीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हल्द्वानी से एक दमकल वाहन और अग्निशमन कर्मियों की टीम तत्काल 7:03 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो बसों में भीषण आग लगी हुई थी। इसके अलावा भूतल पर लगा जनरेटर सेट भी आग की चपेट में आ गया था। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन हल्द्वानी से दो अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर भेजे गए।
अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया और उसे आसपास के भवनों, अन्य वाहनों और स्कूल परिसर के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोक लिया। करीब काफी प्रयासों के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

वेल्डिंग कार्य के दौरान चिंगारी से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल परिसर के आसपास वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने स्कूल परिसरों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि यदि आग लगने की घटना उस समय होती जब स्कूल में छोटे बच्चे मौजूद होते, तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती थी? क्या स्कूल परिसर में चल रहे कार्यों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था? इन सभी बिंदुओं की जांच जरूरी है।
एसपी क्राइम ने दी जानकारी
एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि मुखानी क्षेत्र स्थित केवीएम स्कूल में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई थीं। स्कूल परिसर में खड़ी दो बसें और एक जनरेटर आग की चपेट में आए थे। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन यह घटना स्कूलों में अग्नि सुरक्षा मानकों और लापरवाही को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर गई है।
