अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
उत्तराखंड जागरण की खबर का असर: पुराने पिक्चर हॉल की सरकारी जमीन पर प्रशासन का शिकंजा, डीएम नैनीताल व कमिश्नर के निर्देशों पर कब्जा मुक्त कर भूमि सील
लालकुआं। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत कार्यालय के समीप अशोक सिनेमा क्षेत्र स्थित पुराने पिक्चर हॉल की जगह को पुनः अपने कब्जे में ले लिया है। उत्तराखंड जागरण द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जे के मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग की इस भूमि पर लंबे समय से कब्जे को लेकर सवाल उठ रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की और भूमि खाली कराकर क्षेत्र को सील कर दिया, ताकि दोबारा किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न हो सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई को जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के निर्देशों के तहत सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मुहिम से जोड़कर देखा जा रहा है।
उपजिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली ने बताया कि प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। प्रशासन ने नियमानुसार भूमि को कब्जे में लिया है और न्यायालय से प्राप्त होने वाले आदेशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है। लोगों का कहना है कि सरकारी भूमि को बचाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।
