अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
पिथौरागढ़ कांग्रेस में परिवर्तन सम्मेलन बना घमासान का मंच, विधायक मयूख महर के खिलाफ नारेबाजी से मचा बवाल
पीसीसी चीफ गणेश गोदियाल की मौजूदगी में हंगामा, कार्यक्रम छोड़कर निकले विधायक; अनुशासनहीनता पर संगठन का बड़ा एक्शन
पिथौरागढ़। कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में पार्टी के भीतर चल रही खींचतान खुलकर सामने आ गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान सिटिंग विधायक मयूख महर के खिलाफ नारेबाजी होने लगी, जिसके बाद माहौल गरमा गया।
नारेबाजी और विरोध के बीच विधायक मयूख महर कार्यक्रम छोड़कर चले गए। घटना के बाद कांग्रेस संगठन ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
कांग्रेस संगठन की ओर से महेंद्र सिंह लुंठी, दीपक लुंठी और भावना नगरकोटी से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। वहीं महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी को पद से हटा दिया गया है और महिला कांग्रेस की जिला कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
पिथौरागढ़ में हुए इस घटनाक्रम ने चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को एक बार फिर सामने ला दिया है। पार्टी अब इस विवाद को शांत करने और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने की कवायद में जुट गई है।
