अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
20 हजार की रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
वाटर कूलर भुगतान के एवज में मांगी थी रकम, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर भी कार्रवाई की तलवार
हल्द्वानी/काशीपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने यह कार्रवाई टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर मिली शिकायत के आधार पर की। शिकायतकर्ता पंजीकृत ठेकेदार ने आरोप लगाया था कि उसने जसपुर ब्लॉक क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने का कार्य किया था, जिसके भुगतान के एवज में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। सोमवार को टीम ने कुंडा, काशीपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जेई विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार मामले में दूसरे आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे बढ़ाई जाएगी।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल कार्रवाई करने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि रिश्वत या भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी शिकायत की सूचना सतर्कता अधिष्ठान की हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर दें।
