अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 नैनीताल 👉नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था पर बड़ा फैसला: कमिश्नर दीपक रावत और आईजी निवेदिता कुकरेती की मौजूदगी में बनी नई रणनीति, 1 अगस्त से मॉल रोड पर हॉर्न बैन
– हल्द्वानी नैनीताल। नैनीताल की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता और कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती की मौजूदगी में हुई महत्वपूर्ण बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि 1 अगस्त 2026 से नैनीताल की प्रसिद्ध मॉल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मॉल रोड की पहचान शांत और प्राकृतिक वातावरण से है, ऐसे में अनावश्यक हॉर्न से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को रोकना जरूरी है।
झील के चारों ओर नो-पार्किंग जोन, रूसी बाईपास बनेगा पार्किंग हब
बैठक में नैनीताल झील क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक नो-पार्किंग व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। पुलिस और परिवहन विभाग को इसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
वहीं, पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने की योजना पर भी सहमति बनी। यहां शौचालय, पेयजल, बिजली, दुकानों और सीसीटीवी जैसी सुविधाओं से लैस पार्किंग विकसित की जाएगी।
बिना फिटनेस वाले वाहनों पर होगी सख्ती
मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। परिवहन विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त अभियान चलाकर बिना वैध फिटनेस वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। ऐसे वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए गए हैं।
निजी वाहनों से टैक्सी संचालन पर शिकंजा
बैठक में निजी वाहनों के अवैध रूप से टैक्सी के रूप में संचालन पर भी सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया। परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर चालान और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, आरटीओ गुरदेव सिंह, अरविंद पांडेय, अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित टैक्सी यूनियन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से लागू कर नैनीताल को बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन वाला पर्यटक शहर बनाया जाएगा।
