अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉 कुमाऊं 👉
डीएम ललित मोहन रयाल अलर्ट मोड में, नैनीताल में 9 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
अधिकारियों को मुख्यालय पर रहने के निर्देश, संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी और कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती के आदेश
नैनीताल, 08 जुलाई। भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए किसी भी आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा है।
डीएम ने निर्देश दिए हैं कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सड़क पर मलबा या पेड़ गिरने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर यातायात सुचारु कराया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को संवेदनशील मोटर मार्गों पर 24 घंटे जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी मुख्यालय पर मौजूद रहेंगे और अपने मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी संसाधन पहले से तैयार रखें जाएं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी देरी के अभियान शुरू किया जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क करें:
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष: 05942-231178, 231179, 231181
मोबाइल: 8272080884
टोल फ्री: 1077
