अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
एसएसपी अजय गणपति का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 2.187 किलो अफीम के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल और नकदी भी बरामद; पूरे नेटवर्क की जांच शुरू
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान को धरातल पर उतारते हुए ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 187 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और ₹1100 नकद भी कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई की देर रात चौकी बगवाड़ा प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल अपनी टीम के साथ हाजी चौकी से बगवाड़ा रोड स्थित रामनगर शिव मंदिर के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम भी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी यामाहा आर-15 बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी के दौरान बारिश के कारण बाइक फिसल गई और दोनों आरोपी बैग लेकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी में झनकार सिंह के बैग से 1 किलो 79 ग्राम तथा आकाश वर्मा के बैग से 1 किलो 108 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। कुल बरामदगी 2 किलो 187 ग्राम रही।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झनकार सिंह (28 वर्ष) निवासी बहेड़ी, बरेली (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) तथा आकाश वर्मा (23 वर्ष) निवासी बरखेड़ा, पीलीभीत (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह अफीम मुजफ्फर अंसारी निवासी मुजफ्फरनगर से लेकर आए थे और आगे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेश पंत कर रहे हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शने वाली नहीं है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
