अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
हल्दूचौड़ में मौत बनकर दौड़ा दूध का कैंटर, सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को कुचला
NH-109 पर गायत्री मंदिर के पास दर्दनाक हादसा, 75 वर्षीय हरीश चंदोला की मौत; पुलिस ने कैंटर कब्जे में लेकर चालक से शुरू की पूछताछ
लालकुआं/हल्दूचौड़। नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र के हल्दूचौड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर गुरुवार सुबह एक और दर्दनाक सड़क हादसे ने तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए। गायत्री मंदिर के समीप सड़क पार कर रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग को दूध से भरे तेज रफ्तार कैंटर ने कुचल दिया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने जांच के दौरान कैंटर की पहचान कर उसे कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हरीश चंदोला (75 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय भोला दत्त चंदोला, निवासी हल्दूचौड़ के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह वह गायत्री मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान दूध के कैंटर के रूप में हुई। पुलिस ने संबंधित कैंटर को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर गति नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
