चलती बाइक पर बना मौत का फंदा! पहिये में फंसा दुपट्टा, सड़क पर गिरी महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 किच्छा 👉
चलती बाइक पर बना मौत का फंदा! पहिये में फंसा दुपट्टा, सड़क पर गिरी महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम

मंदिर से बेटे के साथ लौट रही थी 50 वर्षीय रमा, पुलभट्ठा के पास हुआ दर्दनाक हादसा; सिर में गंभीर चोट लगने से नहीं बच सकी जान।

किच्छा। ऊधमसिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मंदिर से बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रही महिला का दुपट्टा अचानक बाइक के पिछले पहिये में फंस गया। संतुलन बिगड़ने से वह सिर के बल सड़क पर जा गिरी। सिर पर गंभीर चोट लगने से सड़क पर काफी खून बह गया। गंभीर हालत में पहले किच्छा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, किच्छा नगरपालिका के वार्ड-5 निवासी रमा (50 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय सुरेश, शनिवार दोपहर अपने बेटे के साथ मंदिर से दर्शन कर बाइक से घर लौट रही थीं। पुलभट्ठा के पास अचानक उनका दुपट्टा बाइक के पहिये में फंस गया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं और सिर में गंभीर चोट लग गई।
रमा के देवर महेश ने बताया कि हादसे के समय सिर से काफी खून बह गया था। परिवार में उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से दो बच्चों का विवाह हो चुका है। उन्होंने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले रमा के पति सुरेश का भी बीमारी के चलते निधन हो गया था। वह नगरपालिका में ठेकेदारी का कार्य करते थे।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मेडिकल चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
सावधानी जरूरी:
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि बाइक पर सफर के दौरान लंबा दुपट्टा, साड़ी या ढीले कपड़े बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। ऐसे कपड़ों को सुरक्षित तरीके से बांधकर ही दोपहिया वाहन पर यात्रा करनी चाहिए।

error: Content is protected !!