अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
हल्द्वानी में नाबालिग से दरिंदगी: बहला-फुसलाकर ले गए दो आरोपी गिरफ्तार, पोक्सो की कड़ी धाराओं में केस, वाहन भी सीज
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर सीज कर दिया गया है।
29 जुलाई 2026 को कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने की तहरीर दी। इस पर कोतवाली हल्द्वानी में मु.एफआईआर संख्या 254/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने नाबालिग की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच में विक्रम सिंह (29 वर्ष), पुत्र खुशाल सिंह, निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी तथा सौरभ बिष्ट (21 वर्ष), पुत्र उमेद सिंह बिष्ट, निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार, काठगोदाम की संलिप्तता सामने आई।
30 जुलाई 2026 को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार विवेचना में मिले साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 65(1), 115(2), 352 बीएनएस तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5/6 की बढ़ोतरी की गई। विक्रम सिंह द्वारा नाबालिग को ले जाने में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर नियमानुसार सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक संजीत राठौड़
उपनिरीक्षक आरती
उपनिरीक्षक दीपक कार्की
हेड कांस्टेबल पूरन मेहरा
हेड कांस्टेबल इशरार नबी
हेड कांस्टेबल हंसी सावंत
कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी
कांस्टेबल संतोष बिष्ट
कांस्टेबल राहुल राणा
महिला कांस्टेबल अनीता फुलेरिया
