लालकुआं स्टेशन पर बेहोश मिले पति-पत्नी, चाय पीने के बाद बिगड़ी हालत… जहरखुरानी गिरोह की आशंका से मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉

मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन में मिले अचेत दंपति, मोबाइल, नकदी और टिकट गायब; जीआरपी ने सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा, यात्रियों को जारी की सतर्कता की चेतावनी।

लालकुआं। मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक पति-पत्नी के लालकुआं रेलवे स्टेशन पर बेहोशी की हालत में मिलने से शुक्रवार सुबह हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ट्रेन से उतारकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा। प्रारंभिक जांच में दोनों के पास न तो मोबाइल मिला, न नकदी और न ही टिकट, जिससे जहरखुरानी गिरोह की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे जीआरपी चौकी लालकुआं को सूचना मिली कि मुरादाबाद से काठगोदाम जा रही पैसेंजर ट्रेन में एक दंपति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही जीआरपी काठगोदाम के थानाध्यक्ष संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को ट्रेन से नीचे उतारकर उनकी स्थिति का जायजा लिया। दोनों पूरी तरह सामान्य स्थिति में नहीं थे और पुलिस के सवालों का ठीक से जवाब नहीं दे पा रहे थे।

आधार कार्ड की जांच के बाद उनकी पहचान नेपाली मूल के दंपति के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों मुरादाबाद से ट्रेन में सवार हुए थे और नेपाल जा रहे थे। होश आने पर उन्होंने बताया कि मुरादाबाद में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें चाय पिलाई थी, जिसके बाद उन्हें कुछ भी याद नहीं रहा। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास मोबाइल फोन, नकदी, टिकट समेत कोई भी सामान नहीं मिला।

घटना के बाद पुलिस को आशंका है कि दंपति जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो सकता है। फिलहाल दोनों का उपचार सुशीला तिवारी चिकित्सालय में चल रहा है और जीआरपी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

थानाध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी की टीमें वर्दी और सादे कपड़ों में लगातार रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी करती हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थ या पेय पदार्थ का सेवन न करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल जीआरपी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर ट्रेन यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत का संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी अनहोनी से बचा सकती है।

error: Content is protected !!