अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 🚨 हल्द्वानी में आधी रात ‘पत्थर कांड’! मुखानी रोड रणक्षेत्र बना, दो गुटों में जमकर पथराव, दहशत में लोग
हल्द्वानी। शहर के मुखानी रोड पर शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी टकराव में बदल गया। करीब 20 से अधिक युवक सड़क पर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाने लगे। लगभग एक घंटे तक चले इस बवाल से पूरा इलाका दहशत में रहा और सड़क रणक्षेत्र में तब्दील हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। देखते ही देखते सड़क पर चारों ओर पत्थर चलने लगे। पथराव इतना तेज था कि राहगीरों में भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग आसपास की दुकानों और मकानों में छिप गए, जबकि कई दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानें बंद कर दीं।
घटना के दौरान मुखानी रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क पर पत्थर बिखरने और लोगों की भीड़ जुटने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। क्षेत्र में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुखानी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से मारपीट, झगड़े और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण उपद्रवियों के हौसले बुलंद हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मुखानी रोड और आसपास के इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और गंभीर रूप ले सकती हैं।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों को पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है ताकि क्षेत्र में दोबारा शांति और सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।

