अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
तंत्र-मंत्र के नाम पर मासूम की मौत से मचा बवाल, भड़के परिजनों ने धाम संचालक व सेवादारों को पीटकर पुलिस के हवाले किया
काशीपुर/चंदौसी।
उत्तराखंड के काशीपुर स्थित शिवलालपुर अमरझंडा में लगने वाले कथित श्री बाला जी महाराज के दरबार में तंत्र-मंत्र के दौरान छह वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने धाम संचालक और उसके सेवादारों की जमकर पिटाई कर दी तथा उन्हें अपने साथ ले जाकर चंदौसी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा सुरक्षित रख लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जनपद मुरादाबाद के हरथला निवासी सत्यवीर सिंह पिछले करीब सात वर्षों से काशीपुर के ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा में प्रत्येक मंगलवार को श्री बाला जी महाराज का दरबार लगाते हैं। यहां तंत्र-मंत्र, ऊपरी हवा, गांठ, पथरी से लेकर कैंसर तक के इलाज का दावा किया जाता है।
बताया गया कि 27 जुलाई को थाना कुंडा क्षेत्र के शिवलालपुर अमरझंडा स्थित इस दरबार में चंदौसी (संभल) के गांव बैरनी निवासी गंगाशरण की पत्नी वीरवती अपने छह वर्षीय पोते अर्पित यादव को लेकर पहुंची थीं। परिजनों के अनुसार बच्चे को दौरे पड़ने की शिकायत थी। मंगलवार को दरबार में कथित तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के दौरान अचानक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
दादी वीरवती ने घटना की सूचना बच्चे के पिता सुगर सिंह को दी। सूचना मिलते ही सुगर सिंह, उनके भाई उमेश, अवधेश और विद्याराम समेत करीब 15-16 लोग कई वाहनों से धाम पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने धाम के संचालक सत्यवीर सिंह, सेवादार प्रशांत और रोहित की जमकर पिटाई की। इसके बाद संचालक और एक सहयोगी को अपने साथ वाहन में बैठाकर चंदौसी ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया। रास्ते में सेवादार रोहित वाहन से कूदकर फरार हो गया।
चंदौसी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सीओ चंदौसी विवेक जावला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है। वहीं आईटीआई कोतवाल मोहन चंद्र पांडे के अनुसार अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मासूम की मौत के बाद कथित तंत्र-मंत्र और चमत्कारी इलाज के दावों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
तंत्र-मंत्र के नाम पर मासूम की मौत से मचा बवाल, भड़के परिजनों ने धाम संचालक व सेवादारों को पीटकर पुलिस के हवाले किया
