हल्द्वानी शादी और धर्म परिवर्तन का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, मेरठ का शादाब गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
शादी और धर्म परिवर्तन का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, मेरठ का शादाब गिरफ्तार
हल्द्वानी में साथ काम करने के दौरान हुई थी दोस्ती, शादी से मुकरने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप; पॉक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। हल्द्वानी में शादी और धर्म परिवर्तन का झांसा देकर एक युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे समुदाय के युवक ने पहले प्रेमजाल में फंसाया, फिर शादी का वादा और धर्म परिवर्तन का भरोसा देकर युवती का विश्वास जीता। जब युवती ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मेरठ निवासी शादाब के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ऊधमसिंह नगर के शक्तिफार्म निवासी युवती हल्द्वानी में किराये के मकान में रहकर एक मोबाइल दुकान में काम करती है। इसी दुकान में उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी शादाब भी कार्यरत था। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई।
पीड़िता का आरोप है कि एक दिन शादाब ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। दूसरे धर्म का होने के कारण युवती ने प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया। इस पर आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही उसका धर्म अपना लेगा और दोनों शादी करेंगे। इसी भरोसे के आधार पर उसने कई बार युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का कहना है कि कुछ समय पहले जब उसने शादी की बात की तो आरोपी साफ मुकर गया। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी शादाब के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बुधवार देर रात नैनीताल रोड क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोट: यह मामला पुलिस में दर्ज शिकायत पर आधारित है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के बाद ही होगी।

error: Content is protected !!