मौत या साजिश? यहां निर्माणाधीन मकान से युवक का शव मिलने पर पुलिस अलर्ट

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
निर्माणाधीन मकान में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, पहचान छिपाने की साजिश या रहस्यमयी मौत? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन मकान के अंदर एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन, पर्स या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में उसकी पहचान नहीं हो सकी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। 108 एंबुलेंस की सहायता से शव को अस्पताल पहुंचाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों, निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां कब और कैसे पहुंचा तथा घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई, किसी दुर्घटना का शिकार हुआ या फिर उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई है।
मृतक की पहचान कराने के लिए उसके फोटो आसपास के सभी थाना क्षेत्रों और पुलिस चौकियों में भेज दिए गए हैं। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

error: Content is protected !!