अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की पहल लाई रंग, लालकुआं में जल्द शुरू होगी 38 करोड़ की सीवर परियोजना
लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के प्रयासों से लंबे समय से प्रस्तावित 38 करोड़ रुपये की सीवर परियोजना अब जल्द धरातल पर उतरने जा रही है। परियोजना के सुचारु और व्यवस्थित संचालन को लेकर नगर पंचायत सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से कराने पर सहमति जताई, ताकि आम जनता और व्यापारियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उत्तराखंड पेयजल निगम के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत नगर क्षेत्र में लगभग 12 से 13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी तथा 2100 सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना से नगर के 1200 से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का नक्शा तैयार हो चुका है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक के दौरान अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि पूर्व में पेयजल लाइन बिछाने के दौरान नगरवासियों और व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इसलिए इस बार विभाग पहले एक वार्ड का कार्य पूरी तरह समाप्त करे, उसके बाद ही दूसरे वार्ड में खुदाई शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि इससे बाजार की गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी और आमजन को राहत मिलेगी। पेयजल निगम के अधिकारियों ने अध्यक्ष के सुझाव को स्वीकार करते हुए कार्य को चरणबद्ध तरीके से कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि वार्ड नंबर-6 के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से खुदाई की अनुमति अभी लंबित है, जिसके लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इस पर अध्यक्ष लोटनी ने कहा कि बाईपास बनने के बाद संबंधित मार्ग लोक निर्माण विभाग के अधीन आ जाएगा, जिससे सीवर लाइन बिछाने में आ रही बाधाएं स्वतः समाप्त हो जाएंगी।
बैठक में नई पेयजल व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता शशि भूषण शाह ने बताया कि जलापूर्ति शुरू करने से पहले सभी उपभोक्ताओं के घरों में पानी के मीटर लगाए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक उपभोक्ता से 277 रुपये मासिक फिक्स चार्ज लिया जाएगा, जिसमें 20 हजार लीटर पानी शामिल होगा। निर्धारित सीमा से अधिक पानी की खपत होने पर प्रति 1000 लीटर 15 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
इस दौरान नगरवासियों ने मांग रखी कि पानी का बिल पहले की तरह तीन माह में एक बार ही जारी किया जाए। अधिकारियों ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस विषय पर उच्च स्तर पर विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में उत्तराखंड पेयजल निगम के सहायक अभियंता वाई.एस. लसपाल, अपर सहायक अभियंता हर्ष बोरा, अनुज सिंह, सहायक अभियंता पुष्कर आर्य, नगर पंचायत के सभासद, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया।

