लालकुआ चेयरमैन सुरेंद्र लोटनी ने किया नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
चेयरमैन सुरेंद्र लोटनी ने किया नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ
लालकुआं। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के कम्युनिटी हॉल में सोमवार को नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं महाविद्यालय में उनके नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत के उद्देश्य से दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने शिरकत की और नए विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।


कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के साथ उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान श्रीमती पूजा बिष्ट एवं कॉलेज अभिभावक संघ के उपाध्यक्ष श्री संजय दुमका उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुरेंद्र लोटनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन विद्यार्थी के भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय होता है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाकर ही स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय के नियमों का पालन करने तथा अध्ययन के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
दीक्षारम्भ कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वातावरण से परिचित कराने के साथ ही उन्हें शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना रहा।

error: Content is protected !!