अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
सांसद अजय भट्ट और अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने किया भव्य प्रवेश द्वार व तिरंगा लाइटों का लोकार्पण, लालकुआं को मिली नई पहचान
लालकुआं। शहर के सौंदर्यीकरण और विकास की दिशा में लालकुआं को एक और बड़ी सौगात मिली है। नगर पंचायत की ओर से शहर के दोनों छोर पर निर्मित भव्य स्वागत द्वारों तथा मुख्य बाजार के डिवाइडर पर स्थापित आकर्षक तिरंगा लाइटों का क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने विधिवत लोकार्पण कर नगरवासियों को समर्पित किया। इन विकास कार्यों से लालकुआं की खूबसूरती बढ़ने के साथ ही शहर को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
राजकीय निर्माण निगम के डिपो संख्या-5 के सामने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि लालकुआं तेजी से विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा लालकुआं बाईपास निर्माण को हरी झंडी दी जा चुकी है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये की लागत से नई पेयजल लाइन बिछाई गई है, जबकि करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन का कार्य भी कराया जा रहा है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में नगर के विकास और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। शहर के दोनों ओर बनाए गए भव्य प्रवेश द्वार और मुख्य बाजार में लगी तिरंगा लाइटें लालकुआं की सुंदरता बढ़ाने के साथ बाहर से आने वाले लोगों के लिए नगर की विशिष्ट पहचान स्थापित करेंगी।
लोकार्पण के बाद नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने सांसद अजय भट्ट के समक्ष नगर की विभिन्न विकास संबंधी समस्याओं और भविष्य की योजनाओं को प्रमुखता से रखा। इस दौरान यातायात व्यवस्था, विद्युत लाइन, रेलवे से जुड़े विकास कार्य, लालकुआं बाईपास तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नगर के बीचोंबीच से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन के स्थानांतरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बताया कि विद्युत लाइन के कारण नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में कई तरह की दिक्कतें सामने आती हैं। सांसद अजय भट्ट ने मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने तथा समाधान कराने का आश्वासन दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है। लालकुआं को बेहतर सड़क, सुचारु यातायात, व्यवस्थित विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त विकसित नगर बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए आगे भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सदस्य नेहा आर्य, धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, शबनम, सुरेश शाह, दीप्ति पांडे, भुवन पांडे, हेमंत पांडे, विनोद श्रीवास्तव, गौरव कपूर, तारा पांडे, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, संजीव शर्मा, अरुण जोशी, हरीश नैनवाल, बॉबी संभल, दीपू नयाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

