यहां स्कूटी से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 96 पव्वे इम्पीरियल ब्लू के साथ एक गिरफ्तार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

 स्कूटी से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 96 पव्वे इम्पीरियल ब्लू के साथ एक गिरफ्तार

हीरानगर चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस की कार्रवाई, तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी भी कब्जे में ली

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद किए हैं। शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हलचल मची हुई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने जनपद में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सभी अधीनस्थ अधिकारियों को व्यापक चेकिंग अभियान चलाने और तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।

पंत कॉलोनी में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी

13 अक्टूबर 2026 को चौकी प्रभारी हीरानगर संजीत कुमार राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंत कॉलोनी में आरा मशीन के सामने चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद हुए। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी संख्या UK04AN9578 को भी अपने कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरबंश कुमार पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मी प्रसाद, निवासी गांधीनगर, अजय राजौर की गल्ले की दुकान के पास, वार्ड नंबर 27, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।

आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज

मामले में कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 348/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत कुमार राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर, कांस्टेबल ललित नाथ और कांस्टेबल अरविंद राणा शामिल रहे।

उत्तराखंड जागरण

अजय अनेजा, पत्रकार संपादक