रामनगर के नामचीन रिसॉर्ट में देह व्यापार का बड़ा भंडाफोड़: 52 गिरफ्तार, 10 युवतियां रेस्क्यू; अवैध बार और शराब भी मिली

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रामनगर 👉रामनगर के नामचीन रिसॉर्ट में देह व्यापार का बड़ा भंडाफोड़: 52 गिरफ्तार, 10 युवतियां रेस्क्यू; अवैध बार और शराब भी मिली
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामचीन रिसॉर्ट में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर मौके से 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू की गई युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही हैं। सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराते हुए सुरक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रिसॉर्ट में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं। इन सूचनाओं के आधार पर गठित विशेष टीम ने देर रात रिसॉर्ट पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग कमरों की तलाशी में कई संदिग्ध लोग मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट के भीतर बिना वैध लाइसेंस के अवैध बार संचालित किया जा रहा था। पुलिस को होटल के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत के भी संकेत मिले हैं, जिसकी गहन जांच जारी है।
कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई से रामनगर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4:30 बजे कोतवाली रामनगर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान स्वयं एसएसपी मंजूनाथ टीसी करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कार्रवाई, बरामदगी, रेस्क्यू अभियान और पूरे नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

error: Content is protected !!