मथुरा नंबर की थार में पहुंचे सात युवकों का हाईवे पर खुलेआम हुड़दंग, वीडियो वायरल; पुलिस के पहुंचने से पहले हुए फरार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
रुद्रपुर में थार पर ‘शराब पार्टी’ का हंगामा, स्थानीय लोगों से बोले— ‘अपने शहर में हम ऐसे ही रहते हैं’

मथुरा नंबर की थार में पहुंचे सात युवकों का हाईवे पर खुलेआम हुड़दंग, वीडियो वायरल; पुलिस के पहुंचने से पहले हुए फरार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर सोमवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब उत्तर प्रदेश से आए सात युवक महिंद्रा थार की छत पर चढ़कर खुलेआम शराब पीते और हुड़दंग करते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक बीयर की बोतलों और क्रेट के साथ सिगरेट पीते हुए तेज आवाज में शोर-शराबा करते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला रोडवेज बस अड्डे के पास का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक थार की छत पर बैठकर और खड़े होकर शराब पी रहे थे, जिससे आसपास मौजूद लोगों को परेशानी हो रही थी। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत करने से रोका तो युवक उल्टा बहस करने लगे।
स्थानीय लोगों ने जब पूछा कि क्या वे अपने शहर में भी इसी तरह सड़क पर शराब पीते हैं, तो युवकों ने कथित तौर पर जवाब दिया, “अपने शहर में हम ऐसे ही रहते हैं।” इस जवाब के बाद मौके पर काफी देर तक कहासुनी होती रही।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिंद्रा थार का रजिस्ट्रेशन नंबर UP85CU0909 बताया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में पंजीकृत है। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद युवक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी युवक वहां से जा चुके थे।
घटना के बाद पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे और हाईवे किनारे सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे अन्य लोगों के खिलाफ अभियान चलाया। खुले में शराब पीने वालों को हटाया गया और भविष्य में ऐसी हरकत करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने कहा कि शाम के समय इस तरह के विवाद सामने आते रहते हैं। हालांकि वायरल वीडियो के बाद अब लोगों की नजर इस बात पर है कि थार सवार युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

मथुरा नंबर की थार में पहुंचे सात युवकों का हाईवे पर खुलेआम हुड़दंग, वीडियो वायरल; पुलिस के पहुंचने से पहले हुए फरार