आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह की सख्त चेतावनी: ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रोशनी वाली लाइटें हटाएं, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह की सख्त चेतावनी: ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रोशनी वाली लाइटें हटाएं, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई

हल्द्वानी संभाग के संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ने वाहन स्वामियों, चालकों और अभिभावकों से की अपील, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलेगा अभियान।
हल्द्वानी। हल्द्वानी संभाग के संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह ने वाहन स्वामियों, चालकों एवं अभिभावकों से सड़क सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि वाहनों में अनाधिकृत ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर, रेट्रो फिटमेंट, मानकों के विपरीत हाई-इंटेंसिटी एलईडी लाइटें तथा अन्य अवैध संशोधन न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह ने कहा कि वाहन मालिक अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अनधिकृत संशोधन न कराएं। ऐसे वाहन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान, वाहन जब्ती और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। यदि किसी वाहन में अवैध मॉडिफिकेशन पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी वाहन चालक निर्धारित मानकों का पालन करें और ऐसे किसी भी बदलाव से बचें जो सड़क पर दूसरों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं।
उन्होंने आमजन से “सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन” के सिद्धांत को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नागरिकों का सहयोग ही सड़क सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत है। आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जाएगा, इसलिए सभी वाहन स्वामी समय रहते अपने वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कर लें।

error: Content is protected !!