अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉 🚨 हैडलाइन:
लालकुआं पुलिस का नशे के कारोबार पर डबल अटैक: 654 ग्राम चरस, स्कूटी और 49 पव्वे अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के अभियान का असर, बिंदुखत्ता चौकी पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई से तस्करों में मचा हड़कंप
लालकुआं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद नैनीताल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लालकुआं पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में एक चरस तस्कर और एक अवैध शराब विक्रेता को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता चौकी पुलिस टीम ने की।

पहली कार्रवाई में खैरानी बिंदुखत्ता के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ी TVS Ntorq स्कूटी की तलाशी के दौरान हेलमेट के भीतर छिपाकर रखी गई 654.10 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। पुलिस ने मनोज सिंह रावत निवासी पिथौरागढ़ (हाल निवासी मुखानी, हल्द्वानी) को मौके से गिरफ्तार कर स्कूटी भी कब्जे में ले ली। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने मसल्स फैक्ट्री जिम के पास ट्रकों के बीच अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी कर रहे संजय सिंह बिलवाल निवासी बिंदुखत्ता को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 49 पव्वे अंग्रेजी शराब (इम्पीरियल ब्लू और मैकडॉवेल्स नंबर-1) बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी (चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता) और कांस्टेबल दयाल नाथ शामिल रहे।
