रुद्रपुर में छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी जेल पहुंचा, अब पुलिस खोलेगी राज! जमानत तुड़वाकर किया आत्मसमर्पण

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

रुद्रपुर में छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी जेल पहुंचा, अब पुलिस खोलेगी राज! जमानत तुड़वाकर किया आत्मसमर्पण

कक्षा 12 की छात्रा को स्कूल छोड़ने के बहाने कार में बैठाने का आरोप, सुनसान जगह पर दुष्कर्म और अश्लील फोटो-वीडियो बनाने का मामला; पुलिस ने पीसीआर के लिए अदालत में दिया आवेदन

रुद्रपुर। कक्षा 12 की छात्रा से दुष्कर्म करने और उसकी अश्लील फोटो व वीडियो बनाने के आरोप में घिरे युवक के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपी रंजीत सिंह ने पूर्व में दर्ज एक अन्य मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर जेल में आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस उसे इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए शनिवार को न्यायालय में आवेदन किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शहर निवासी कक्षा 12 की छात्रा बीते सोमवार को रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान छतरपुर, पंतनगर निवासी उसका परिचित रंजीत सिंह उसे मिला। आरोप है कि युवक ने छात्रा को स्कूल छोड़ने का झांसा दिया और उसे अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद वह छात्रा को शांति विहार मार्ग पर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने छात्रा की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लीं।

विरोध करने या किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

मामले को और गंभीर बनाते हुए छात्रा ने आरोपी पर घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच आरोपी के पूर्व में दर्ज एक अन्य मामले में जमानत तुड़वाकर जेल में आत्मसमर्पण करने की जानकारी सामने आई।

पीसीआर मिलने पर होगी पूछताछ

आरोपी के जेल में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे वर्तमान मामले में पूछताछ के लिए अपनी कस्टडी में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को न्यायालय में पीसीआर के लिए आवेदन किया गया। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद आरोपी से पूछताछ की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच आगे बढ़ाई जा सके।

कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में आवेदन किया गया है। पीसीआर मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। अब पुलिस की पूछताछ और विवेचना के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।