मंदिर के फर्श पर तड़पती रही छह माह की मासूम, पत्थर दिलों ने छोड़ा तो अजनबी ने सीने से लगाकर चुप कराया

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

मंदिर के फर्श पर तड़पती रही छह माह की मासूम, पत्थर दिलों ने छोड़ा तो अजनबी ने सीने से लगाकर चुप कराया

हल्द्वानी में इंसानियत को झकझोरने वाली घटना, नवरात्र से ठीक पहले आंबेडकर नगर के मंदिर में मिली बच्ची; शिशु सदन में अपनों का इंतजार

हल्द्वानी। मां की गोद में खिलखिलाने और अपनों के साये में पलने की उम्र में छह माह की मासूम को मंदिर के फर्श पर अकेला छोड़ दिया गया। बच्ची की रुलाई गूंजती रही, लेकिन उसे लेने कोई नहीं पहुंचा। आखिरकार एक अंजान महिला की नजर उस पर पड़ी तो उसने बच्ची को गोद में उठाकर सीने से लगा लिया। महिला की गोद का सहारा मिलते ही मासूम शांत हो गई, मगर उसे इस हालत में छोड़ने वालों की बेरहमी ने कई सवाल खड़े कर दिए। नवरात्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले हल्द्वानी के आंबेडकर नगर स्थित मंदिर में मिली इस बच्ची को पुलिस ने बाल कल्याण समिति की मदद से सुरक्षित शिशु सदन पहुंचा दिया है।

शनिवार को आंबेडकर नगर स्थित मंदिर में अचानक छह माह की बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। मंदिर में मौजूद एक महिला बच्ची के पास पहुंची और उसे उठाकर सीने से लगा लिया। बच्ची को अकेला देखकर वहां मौजूद लोगों ने उसके परिजनों की तलाश की, लेकिन काफी देर तक कोई सामने नहीं आया। इसके बाद महिला ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाल कल्याण समिति की टीम को बुलाया गया।

मासूम के शरीर पर केवल एक कपड़ा था। उसे तत्काल संरक्षण में लेकर चिकित्सकीय जांच कराई गई। जांच के दौरान बच्ची को सर्दी लगने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे दवा दी गई। फिलहाल बच्ची शिशु सदन में विशेषज्ञों की निगरानी में है। जिस उम्र में बच्चे को हर पल देखभाल, सुरक्षा और ममता की जरूरत होती है, उस उम्र में उसका मंदिर के फर्श पर अकेला मिलना लोगों को भावुक कर गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, अस्पतालों का रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में

बच्ची को मंदिर में छोड़कर जाने वालों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही अस्पतालों में पिछले छह माह के प्रसव संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस की दो टीमें मामले की पड़ताल में जुटी हैं।

नवरात्र मां दुर्गा की शक्ति और ममता की आराधना का पर्व है। ऐसे समय में मंदिर में छह माह की मासूम का इस तरह अकेला मिलना समाज को झकझोरने वाला है। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है, लेकिन उसे मंदिर में छोड़ने की वजह क्या थी और उसके परिजन कौन हैं, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मंदिर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। साथ ही अस्पतालों में प्रसव संबंधी रिकॉर्ड की जांच कर बच्ची को छोड़कर जाने वालों की तलाश की जा रही है।