अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
लालकुआं में मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की छापेमारी, अवैध अभिवहन के आरोप में दोनों वाहनों के खिलाफ वन अपराध दर्ज
लालकुआं। तराई पूर्वी वन प्रभाग के अंतर्गत डौली रेंज की टीम ने अवैध रूप से प्रकाष्ठ (लकड़ी) का अभिवहन किए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार पंत के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर शांति पुरी बैरियर पर चेकिंग के दौरान दो कंटेनर वाहनों को पकड़कर उनमें लदी कुल 96.875 घनमीटर आम मिश्रित साखू की लकड़ी बरामद की। लकड़ी के अभिवहन से संबंधित वैध अभिलेख नहीं मिलने पर दोनों वाहनों को डौली रेंज परिसर लालकुआं में खड़ा कर वन अपराध पंजीकृत कर दिया गया है।

वन विभाग से प्राप्त प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग राहुल मिश्रा एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी गोला अनिल कुमार जोशी के निर्देशन में अवैध प्रकाष्ठ के अभिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर डौली रेंज की टीम शांति पुरी बैरियर पर चेकिंग कर रही थी।

पहले कंटेनर से 47.25 घनमीटर लकड़ी मिली
चेकिंग के दौरान सुबह करीब 8:30 बजे किच्छा की ओर से आ रहे कंटेनर वाहन संख्या HR55AC1565 को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाकर ले गया। इसके बाद टीम ने वाहन का पीछा किया और पंतनगर बाईपास के पास उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी में कंटेनर के भीतर 47.25 घनमीटर आम मिश्रित साखू की लकड़ी पाई गई। वाहन चालक के पास लकड़ी के अभिवहन से संबंधित कोई अभिलेख नहीं मिला। इसके बाद टीम वाहन को लकड़ी सहित डौली रेंज परिसर लालकुआं ले आई।
दूसरे कंटेनर में मिली 49.875 घनमीटर लकड़ी
इसी दिन दोपहर करीब 12:30 बजे शांति पुरी बैरियर पर चेकिंग के दौरान किच्छा की ओर से आ रहे दूसरे कंटेनर वाहन संख्या UP21DT9890 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में 49.875 घनमीटर आम मिश्रित साखू की लकड़ी बरामद हुई। इस वाहन के चालक के पास भी लकड़ी के अभिवहन से संबंधित वैध अभिलेख नहीं पाए गए। वन विभाग की टीम ने इस कंटेनर को भी लकड़ी सहित डौली रेंज परिसर लालकुआं में खड़ा कर दिया।
भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने दोनों मामलों में भारतीय वन अधिनियम, 1927 (उत्तरांचल संशोधन, 2001) की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध पंजीकृत कर लिया है। विभाग के अनुसार, लकड़ी के वास्तविक स्रोत और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में वन दरोगा पान सिंह मेहता, शाहिद बेग सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी के परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

