मुकेश बोरा की पहल: दीपावली से पहले छह दुग्ध समितियों के उत्पादकों को 32 लाख रुपये का बोनस वितरित

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

मुकेश बोरा की पहल: दीपावली से पहले छह दुग्ध समितियों के उत्पादकों को 32 लाख रुपये का बोनस वितरित

लालकुआं। दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने बिंदुखत्ता क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात दी है। संघ की ओर से क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के उत्पादकों को कुल 32 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। करीब चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद के सापेक्ष बोनस मिलने से दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों में खुशी की लहर है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों, महिलाओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय को आगे बढ़ाना संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। विशेष रूप से दुग्ध उत्पादन से जुड़ी महिलाओं का योगदान सराहनीय है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही दुग्ध व्यवसाय निरंतर प्रगति कर रहा है।

मुकेश बोरा ने कहा कि दीपावली से पहले बोनस वितरण का उद्देश्य उत्पादकों की मेहनत का सम्मान करने के साथ उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनना है। दुग्ध संघ उत्पादकों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों के संरक्षण और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और दुग्ध व्यवसाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इन छह दुग्ध समितियों को मिला बोनस

बिंदुखत्ता क्षेत्र की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों के उत्पादकों को बोनस वितरित किया गया। बोनस की राशि मिलने पर उत्पादकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दुग्ध संघ के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा एवं मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने किया। इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद मेहता, प्रगतिशील दुग्ध उत्पादक उमेश भट्ट, अध्यक्ष निर्मला भट्ट, नवीन पपोला, ममता रावत, राम सिंह पपोला, गोपाल दत्त पाठक, जगदीश पंत, सोनू पांडे, पूरन बोरा, इंद्रा बम, नारायण शर्मा, मनीष बोरा, केदार दानू, मंजू बिष्ट, खष्टी बिष्ट, कमलेश पांडे, सुरेश जोशी, भुवन जोशी, दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ प्रभारी शांति कोरंगा और मोहन चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे