एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’, हल्द्वानी में रातभर चला पुलिस का शिकंजा: देखें वीडियो

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’, हल्द्वानी में रातभर चला पुलिस का शिकंजा
छात्रसंघ चुनाव में हुड़दंग और अराजकता पर सख्ती, 2 मुकदमे दर्ज, 20 वाहन सीज; नशे में वाहन चलाने वाले 4 गिरफ्तार
हल्द्वानी। आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी में रात 11 बजे से तड़के 2 बजे तक ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वृहद चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने हुड़दंग, यातायात नियमों के उल्लंघन और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों और दीवारों पर पोस्टर व होर्डिंग लगाए जाने, वाहनों से जिग-जैग तरीके से वाहन चलाकर हुड़दंग करने, राहगीरों एवं फड़-रेहड़ी वालों से अभद्रता व मारपीट करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित करने की शिकायतें सामने आई थीं। साथ ही लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के उल्लंघन की जानकारी भी पुलिस को मिली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
दो मुकदमे दर्ज
अभियान के दौरान कोतवाली हल्द्वानी में दो अभियोग दर्ज किए गए। पहला मुकदमा एफआईआर संख्या 313/26 में मुकेश पाण्डे समेत 18 अन्य के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया। वहीं दूसरा मुकदमा एफआईआर संख्या 314/26 में अमन चन्द्र समेत सात अन्य के खिलाफ उत्तराखंड सार्वजनिक संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया।
नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में लवराज, दीपक पाण्डे, हिमांशु कुमार और आशीष पाण्डे शामिल हैं। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 वाहनों को सीज किया गया।
हुड़दंग करने वाले पांच गिरफ्तार
रात के समय अनावश्यक रूप से घूमकर हुड़दंग एवं अराजकता करने वाले पांच लोगों को भी पुलिस ने धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। इनमें हरीश कुमार मुन्स्यारी, सचिन सिंह, पंकज डोबाल, प्रियांशु कुमार और चन्द्र प्रकाश शामिल हैं।
नैनीताल पुलिस ने साफ किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा, सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, यातायात व्यवस्था में व्यवधान या आमजन के साथ अभद्रता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।