अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
लालकुआं में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, पंखे के कुंडे से लटका मिला शव… दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र के मोटाहल्दू स्थित जयपुर बीसा ग्रामसभा के गंगारामपुर गांव में शुक्रवार को 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर पंखे के कुंडे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रूपा पलड़िया (25 वर्ष) पत्नी विजय पलड़िया निवासी गंगारामपुर, जयपुर बीसा के रूप में हुई है। दंपति अपने दो मासूम बच्चों—7 वर्षीय पुत्र और 5 वर्षीय पुत्री—के साथ किराये के मकान में रह रहे थे। घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि पति अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर था। ऐसे में घर के भीतर विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने की सूचना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।
112 के माध्यम से सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल कुमार, कोतवाल बृजमोहन राणा तथा फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञ उपनिरीक्षक त्रिवेणी जोशी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठने की खबर ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। आसपास के क्षेत्र में भी शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सकेगा।

