अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 आईजी रिद्धिम अग्रवाल और एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी की सख्ती से लालकुआं पुलिस की बड़ी कामयाबी, 35 लाख के जेवरात संग शातिर चोर गिरफ्तार, 3 सनसनीखेज चोरी की घटनाओं का खुलासा
जनपद नैनीताल में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषण बरामद करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर तीन सनसनीखेज चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया।
मामला थाना लालकुआं क्षेत्र के बिन्दुखत्ता का है, जहां 19 मई 2026 को चित्रकूट तिवारी नगर निवासी चन्द्रा देवी ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वर्ष 2025 में भी इसी तरह की दो बड़ी चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिनमें जेवरात और नकदी चोरी की गई थी।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल और एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट की निगरानी में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी।
23 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी के जेवर बेचने के लिए बिन्दुखत्ता क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल निवासी बहेड़ी, बरेली बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से टूटे हुए सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस तब हैरान रह गई जब एक पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट खोलने पर उसमें छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में सोने के जेवर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बिन्दुखत्ता और लालकुआं क्षेत्र के बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करना कबूल कर लिया। उसने यह भी स्वीकार किया कि कुछ जेवर बेचकर वह रकम खर्च कर चुका है और बाकी जेवर बेचने की फिराक में था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन में पैदल घूमकर ऐसे मकानों की रेकी करता था, जिनमें ताला लगा हो या लोग बाहर गए हों। मौका मिलते ही वह ताला तोड़कर घर में घुसता और सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर फरार हो जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद माल में हार, नथ, मंगलसूत्र, मांगटीका, अंगूठियां, झुमके, चेन, पौंची समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं।
इस शानदार सफलता पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
