अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
प्रेमी संग नई जिंदगी की चाह में पति को ‘सांप’ से डसवाया! मेरठ में स्कूल संचालक की खौफनाक हत्या का सनसनीखेज खुलासा
लव मैरिज का दर्दनाक अंत—पत्नी, प्रेमी समेत चार गिरफ्तार; 20 लाख की बीमा राशि और अवैध रिश्ते के लिए रची गई मौत की साजिश, पुलिस का दावा।
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस के अनुसार, स्कूल संचालक अतुल पंवार की मौत कोई सामान्य सर्पदंश नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या की साजिश थी। आरोप है कि उसकी पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए जहरीले सांप का इस्तेमाल किया।
पुलिस के मुताबिक, अतुल और दामिनी ने वर्ष 2019 में परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। दोनों मिलकर कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन कर रहे थे। इसी दौरान स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से दामिनी की नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। पुलिस का दावा है कि इसी रिश्ते ने हत्या की साजिश को जन्म दिया।
आरोप है कि गुरुवार रात अतुल को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी गईं। जब वह गहरी नींद में चला गया तो कमरे में जहरीला सांप छोड़ दिया गया, जिसने अतुल को डस लिया। अगले दिन दामिनी उसे अस्पताल लेकर पहुंची और दावा किया कि रात में सांप के काटने से उसकी मौत हो गई।
हालांकि घटनास्थल पर बिस्तर के अंदर सांप मिलने और परिस्थितियां संदिग्ध होने पर पुलिस को शक हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य व अन्य तकनीकी जांच शुरू की गई।
जांच में दामिनी और ड्राइवर तुषार के बीच लगातार संपर्क सामने आया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तुषार ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। इस मामले में सोनू और उदय नामक दो अन्य आरोपियों की भी भूमिका सामने आई, जिन्हें कथित तौर पर हत्या की साजिश में शामिल किया गया था।
पुलिस का दावा है कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। योजना थी कि मौत के बाद मिलने वाली बीमा राशि में से 5 लाख रुपये साजिश में शामिल दोनों साथियों को दिए जाएंगे, जबकि दामिनी और तुषार नई जिंदगी शुरू करेंगे। पुलिस के अनुसार तुषार अपनी पत्नी को तलाक देने की भी तैयारी कर रहा था।
फिलहाल पुलिस ने पत्नी दामिनी, प्रेमी तुषार उर्फ निक्की और दोनों सहयोगियों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर तय होगा।
