अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 🔊
नैनीताल में ध्वनि प्रदूषण पर पुलिस का ‘साउंड स्ट्राइक’, नियम तोड़ने वालों के लाउडस्पीकर-एम्पलीफायर सीज
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में चला सख्त अभियान, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर तेज आवाज वाले उपकरणों पर कसा शिकंजा
नैनीताल। जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नैनीताल पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में निर्धारित मानकों से अधिक आवाज में चल रहे लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के खिलाफ सघन कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले बड़ी संख्या में ध्वनि विस्तारक यंत्रों को हटाकर सीज किया जा रहा है।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय, उत्तराखंड उच्च न्यायालय तथा पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में एसपी क्राइम, एसपी सिटी और सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, आवासीय क्षेत्रों, व्यावसायिक क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों और साइलेंट जोन में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रत्येक स्थान पर ध्वनि मानकों और अनुमति संबंधी नियमों की गहन जांच कर रही है।
अभियान के दौरान संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति या निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तीव्रता पर लाउडस्पीकर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने वालों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जनहित, शांति व्यवस्था और न्यायालयों के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
