शांतिपुरी बैरियर पर वन विभाग का शिकंजा, 3050 नग अवैध चिरान से भरी पिकअप सीज; चालक वाहन छोड़कर फरार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉

शांतिपुरी बैरियर पर वन विभाग का शिकंजा, 3050 नग अवैध चिरान से भरी पिकअप सीज; चालक वाहन छोड़कर फरार

 

लालकुआं (शांतिपुरी)। वन संपदा की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डौली रेंज वन विभाग की टीम ने शांतिपुरी बैरियर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रजातियों के 3050 नग चिरान प्रकाष्ठ से भरी पिकअप वाहन संख्या UP 24 T 1008 को जब्त कर सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक वन विभाग की टीम को देखकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

1007355530_cropped.webp

 

जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को शांतिपुरी बैरियर पर वन विभाग की टीम द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाहरी प्रदेश से आ रही संदिग्ध पिकअप वाहन संख्या UP 24 T 1008 को चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया गया। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

वन कर्मियों ने वाहन को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली तो उसमें विभिन्न प्रजातियों के 3050 नग चिरान प्रकाष्ठ बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में लकड़ी बाहरी प्रदेश से लाई जाना सामने आया। वाहन में लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध कागजात अथवा प्रपत्र भी नहीं मिले।

मामले में वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज करते हुए लकड़ी समेत पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को डौली रेंज परिसर लालकुआं में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। फरार चालक और लकड़ी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी के प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी (गौला) अनिल कुमार जोशी के दिशा-निर्देशों तथा डौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार पंत के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा पान सिंह मेहता, वन बीट अधिकारी जीवन आर्य, वन बीट अधिकारी हरेंद्र, शाहिद बेग तथा श्रमिक कमल भाकुनी और मनोहर सिंह शामिल रहे।

वन विभाग की इस कार्रवाई से लकड़ी तस्करी में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।