कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल की पहल “मिशन संवाद” बनी पुलिस परिवारों का सहारा

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 कुमाऊं 👉 हल्द्वानी 👉 लालकुआं नैनीताल उत्तराखंड 👉कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल की पहल “मिशन संवाद” बनी पुलिस परिवारों का सहारा
हल्द्वानी। कुमाऊं परिक्षेत्र की आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल द्वारा शुरू किया गया “मिशन संवाद” अब पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए मजबूत सहारा बनता जा रहा है। “सुनना, समझना और साथ निभाना” थीम पर आधारित यह अभियान तनाव, चिंता, अवसाद और व्यक्तिगत समस्याओं से जूझ रहे पुलिस परिवारों को भावनात्मक सहयोग और परामर्श उपलब्ध करा रहा है।


कुमाऊं पुलिस की इस अनूठी पहल के तहत अब तक 6000 से अधिक लोगों ने संवाद ऐप डाउनलोड किया है, जबकि 1050 से ज्यादा टेली-काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 1567 से अधिक पुलिस कर्मियों ने कार्यशालाओं में भागीदारी की है और 2617 से अधिक लोग इस अभियान से लाभान्वित हुए हैं।
मिशन संवाद के माध्यम से पुलिस कर्मियों को तनाव प्रबंधन, नकारात्मक विचारों से मुक्ति, पारिवारिक संतुलन और मानसिक मजबूती के लिए विशेषज्ञों की सहायता दी जा रही है। अभियान का उद्देश्य पुलिस बल में मनोवैज्ञानिक सुदृढ़ता बढ़ाना और ड्यूटी के दबाव के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखना है।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि “मिशन संवाद” पुलिस परिवारों के लिए ऐसा भरोसेमंद मंच है, जहां वे बिना किसी संकोच अपनी बात रख सकते हैं और समय पर सही मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से मजबूत पुलिस बल ही समाज की बेहतर सेवा कर सकता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत नैनीताल, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चम्पावत और बागेश्वर जनपदों में विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कुमाऊं पुलिस की यह पहल अब पुलिस परिवारों के बीच नई उम्मीद और विश्वास का माध्यम बनती दिखाई दे रही है।

error: Content is protected !!