बार काउंसिल चुनाव को लेकर रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला — योग्यता और विज़न पर ही मिलेगा समर्थन

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 🗳️ बार काउंसिल चुनाव को लेकर रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला — योग्यता और विज़न पर ही मिलेगा समर्थन
रामनगर। आगामी बार काउंसिल चुनाव को लेकर रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन ने एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय लिया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि वह केवल चुनावी भागीदारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऐसे प्रत्याशियों का समर्थन करेगा जो न्यायिक सुधार, अधिवक्ताओं के कल्याण और पेशे की गरिमा को मजबूत करने के लिए ठोस नीति और स्पष्ट विज़न रखते हों।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट पूरन चंद्र पांडे ने कहा कि संगठन केवल प्रतीकात्मक भागीदारी नहीं चाहता, बल्कि ऐसे उम्मीदवारों का समर्थन करेगा जो अपने घोषणापत्र में अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगे और वास्तविक बदलाव के लिए प्रतिबद्ध होंगे।
वहीं सचिव गौरव गोला ने बताया कि इस चुनाव में एसोसिएशन कुल 11 प्रत्याशियों को वोट देगा, जिनमें 6 पुरुष और 5 महिला प्रत्याशी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय लैंगिक समानता और समान अवसर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है, जिससे बार काउंसिल के कार्य में संतुलन और विविधता बढ़ेगी।
उपसचिव मनु अग्रवाल ने कहा कि संगठन योग्यता, ईमानदारी और दूरदृष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। केवल नाम या फोटो के आधार पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को समर्थन नहीं दिया जाएगा, बल्कि स्पष्ट विज़न और नीति वाले उम्मीदवारों को ही प्राथमिकता मिलेगी।
रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन ने अपने निर्णय के माध्यम से पारदर्शिता, जिम्मेदार नेतृत्व और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई है। इस संबंध में जानकारी अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे, सचिव गौरव गोला और उपसचिव मनु अग्रवाल द्वारा संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है।
— उत्तराखंड जागरण

 

error: Content is protected !!