अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
देहरादून में दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता, शादी के तीन महीने बाद संदिग्ध हालात में मौत — पति गिरफ्तार
देहरादून।
राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित रिस्पना नगर में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम से हुई थी, जो देहरादून में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्य करता है। मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को दहेज के लिए लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों के अनुसार 18 फरवरी की रात कहकशा ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहा है और इसी को लेकर उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
बताया गया कि 3 मार्च की सुबह भी उसने फोन कर घर का माहौल तनावपूर्ण होने की जानकारी दी थी। उसी रात करीब 1:30 बजे मृतका के पिता को उसके ससुर यासीन का फोन आया कि कहकशा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलने पर परिजन देहरादून पहुंचे और दून अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।
मायके पक्ष का आरोप है कि पति शहबाज आलम, सास खुर्शीदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के बाद उसकी हत्या कर दी।
इस मामले में प्रमोद कुमार, एसपी सिटी देहरादून ने बताया कि शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी पति शहबाज आलम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बाइट: एसपी सिटी प्रमोद कुमार।







