अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
NH-109 पर बेखौफ झपटमार: बाइक सवार बदमाशों ने दंपत्ति को बनाया निशाना, महिला का हजारों रुपये व मोबाइल भरा पर्स उड़ाया
लालकुआं। गुमटी
शहर में झपटमारों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे NH-109 पर गुमटी स्थित अंग्रेजी वाइन शॉप के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने लालकुआं से हल्द्वानी जा रहे दंपत्ति को निशाना बनाते हुए महिला का पर्स छीन लिया और फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि दंपत्ति बाइक से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर महिला के हाथ से पर्स छीन लिया। जब तक दंपत्ति कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश तेज रफ्तार में मौके से भाग निकले।
महिला के पर्स में हजारों रुपये की नकदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना के बाद दंपत्ति घबरा गए और आसपास मौजूद लोगों को पूरी जानकारी दी।
NH-109 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही इलाके में संदिग्ध युवकों की आवाजाही बढ़ जाती है, लेकिन पुलिस गश्त नजर नहीं आती।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर समय रहते झपटमारों पर लगाम नहीं लगाई गई तो किसी दिन बड़ी आपराधिक घटना भी हो सकती है।







