अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 लालकुआं 👉 ह
फायर सीजन को लेकर वन विभाग अलर्ट: वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने वनों की सुरक्षा के लिए कसी कमर
रुद्रपुर।
गर्मी के मौसम के साथ ही जंगलों में आग लगने की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए तराई पूर्वी वन प्रभाग रुद्रपुर के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने फायर सीजन को लेकर विभागीय टीम के साथ तैयारियां तेज कर दी हैं। वनों को आग से सुरक्षित रखने के लिए क्षेत्र में विशेष निगरानी और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने बताया कि फायर सीजन के दौरान जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग की टीम पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त की जा रही है और फायर लाइनें दुरुस्त की जा रही हैं, ताकि आग फैलने से पहले ही उस पर काबू पाया जा सके।
उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों के लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि जंगलों में जलती बीड़ी-सिगरेट या आग से संबंधित किसी भी सामग्री को न फेंकें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि विभाग की टीमों को फायर सीजन के लिए विशेष रूप से तैनात किया गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से सहयोग की भी अपील की गई है, ताकि जंगलों की अमूल्य संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वन विभाग का कहना है कि अगर किसी भी व्यक्ति को जंगल में आग लगने की सूचना मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, जिससे समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।







