अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
सोशल मीडिया पर तमंचा लहराना पड़ा भारी: लालकुआं में 315 बोर के साथ युवक गिरफ्तार
📰 खबर (उत्तराखंड जागरण):
लालकुआं में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना एक युवक को भारी पड़ गया। नगर की पॉश कॉलोनी में रहने वाले 19 वर्षीय युवक ने 315 बोर का अवैध तमंचा लहराते हुए वीडियो/पोस्ट सोशल मीडिया पर डाल दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर चल रहे अवैध हथियार विरोधी अभियान के तहत लालकुआं कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुदित शर्मा को गांधीनगर क्षेत्र स्थित पानी की टंकी के पास से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश कर चालान कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







