अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 स्वास्थ्य विभाग की कथित मिलीभगत से लालकुआं में फल-फूल रहा नशे का कारोबार?
कोतवाली के आसपास मेडिकल स्टोरों पर खुलेआम बिक रहे नशे के इंजेक्शन, कैप्सूल और अंग्रेजी शराब; कई युवाओं की जिंदगी तबाह होने का आरोप
लालकुआं। देवभूमि उत्तराखंड में नशे के खिलाफ सरकार भले ही सख्त अभियान चलाने के दावे कर रही हो, लेकिन लालकुआं क्षेत्र में कुछ मेडिकल स्टोरों पर कथित रूप से नशे का अवैध कारोबार खुलेआम चलने की चर्चाएं आम हो चुकी हैं। सूत्रों और स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में कुछ दवा दुकानों पर नशे के इंजेक्शन, प्रतिबंधित कैप्सूल और यहां तक कि अंग्रेजी शराब तक बेची जा रही है, जिससे कई युवाओं की जिंदगी बर्बाद हो चुकी है।
दबी जुबान में क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यह पूरा खेल स्वास्थ्य विभाग की कथित मिलीभगत से संचालित हो रहा है। आरोप हैं कि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों तक “महीना” पहुंचाया जाता है, जिसके चलते कार्रवाई के बजाय ऐसे कारोबारियों को संरक्षण मिलता है।
सूत्रों के अनुसार, लालकुआं कोतवाली के आसपास स्थित एक-दो मेडिकल स्टोर लंबे समय से चर्चा में बने हुए हैं। आरोप है कि यहां दवाइयों की आड़ में नशे के इंजेक्शन और कैप्सूल बेचे जाते हैं। इतना ही नहीं, कुछ दुकानदारों द्वारा अंग्रेजी शराब रखने और बेचने की बातें भी सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में एक चर्चित मेडिकल स्टोर पर कई बार छापेमारी हो चुकी है और दुकान सील भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद संबंधित दुकानदार को दोबारा अनुमति मिल जाना कई सवाल खड़े करता है। लोगों का आरोप है कि कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित रह जाती है और कुछ समय बाद वही कारोबार फिर शुरू हो जाता है।
क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारण कई परिवार तबाह हो चुके हैं। युवाओं के भविष्य पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई नजर नहीं आ रही।
“उत्तराखंड जागरण” ने जिलाधिकारी नैनीताल, कुमाऊं कमिश्नर, ड्रग इंस्पेक्टर, सीएमओ नैनीताल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के बीच लालकुआं में कथित रूप से चल रहे इस नशे के नेटवर्क पर कब तक शिकंजा कसता है।
स्वास्थ्य विभाग की कथित मिलीभगत से लालकुआं में फल-फूल रहा नशे का कारोबार? खुलेआम बेचा जा रहा है मेडिकल स्टोर में नशा :सूत्र
