अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉 प्रदूषण और लीज घोटाले पर प्रशासन का बड़ा एक्शन!
लालकुआं-बिंदुखत्ता के बहुचर्चित स्टोन क्रेशर पर जांच तेज, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप
लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र स्थित बहुचर्चित हल्द्वानी स्टोन क्रेशर एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्टोन क्रेशर में फैल रहे प्रदूषण, नियमों के उल्लंघन और लीज निरस्त भूमि के इस्तेमाल को लेकर प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके बाद बड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का दावा है कि स्टोन क्रेशर के संचालन से आसपास के क्षेत्रों में लगातार धूल और प्रदूषण फैल रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई थी। शिकायतों के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि जांच के दायरे में केवल प्रदूषण ही नहीं बल्कि लीज निरस्त भूमि पर हो रहे कथित कब्जे और संचालन को भी शामिल किया गया है।
जानकारी के अनुसार लालकुआं क्षेत्र की दो अन्य बहुचर्चित प्रतिष्ठित फर्में भी प्रशासन की निगरानी में हैं। इन फर्मों पर भी लीज निरस्त भूमि पर गतिविधियां संचालित करने के आरोप हैं। सूत्रों की मानें तो जल्द ही इन पर भी बड़ी कार्रवाई की तलवार लटक सकती है।
गौरतलब है कि पूर्व में भी प्रशासन द्वारा लीज निरस्त भूमि को सीज करने की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन राजनीतिक संरक्षण और ऊंची पहुंच के चलते कथित अतिक्रमणकारी लगातार कार्रवाई से बचते रहे। अब शासन स्तर से सख्त रुख अपनाए जाने के बाद प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रही है।
सूत्रों के अनुसार संबंधित विभागों को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद सीजिंग, जुर्माना तथा अन्य कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है। क्षेत्र में चल रही इस हलचल के बाद अवैध कब्जाधारियों और नियमों को ताक पर रखकर कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करता है तो क्षेत्र में वर्षों से चल रहे अवैध खेल पर बड़ी चोट पड़ सकती है। फिलहाल सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
लालकुआं के बहुचर्चित हल्द्वानी स्टोन क्रेशर पर बड़ा एक्शन करीब! प्रदूषण और लीज निरस्त भूमि मामले में जल्द कार्रवाई के संकेत: सूत्र
