कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल और एसएसपी अजय गणपति की सख्ती से अपराधियों में खौफ, ऊधमसिंहनगर में 3 माह में ऐतिहासिक कार्रवाई

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 कुमाऊं 👉 रुद्रपुर 👉 कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल और एसएसपी अजय गणपति की सख्ती से अपराधियों में खौफ, ऊधमसिंहनगर में 3 माह में ऐतिहासिक कार्रवाई
“अपराध मुक्त और नशा मुक्त देवभूमि” अभियान में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने रचा नया रिकॉर्ड
ऊधमसिंहनगर पुलिस ने पिछले तीन महीनों में अपराध, नशा तस्करी, अवैध शस्त्र कारोबार, कच्ची शराब, ओवरलोडिंग और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियानों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के मार्गदर्शन और एसएसपी अजय गणपति के कुशल नेतृत्व में जिले में पुलिसिंग की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा व विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त एवं नशा मुक्त देवभूमि” विजन को धरातल पर उतारते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत व्यापक अभियान चलाए। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और संवेदनशील बनाते हुए जनसुनवाई, त्वरित कार्रवाई, अनुशासन और फिटनेस को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
03 माह में 05 बड़े अभियान, सैकड़ों अपराधी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियानों में अवैध शस्त्रों के खिलाफ 96 मुकदमे दर्ज कर 103 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 87 तमंचे, 03 बंदूकें, 02 पंप एक्शन गन, 03 पिस्टल, 01 रिवॉल्वर और 159 कारतूस बरामद किए गए। वहीं अवैध नशे के खिलाफ अभियान में 55 मुकदमे दर्ज कर 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 581.4 किलोग्राम गांजा, 714.96 ग्राम स्मैक, 1.058 किलोग्राम चरस, नशीले इंजेक्शन और गोलियां बरामद कर जिले में नशा कारोबारियों की कमर तोड़ दी।
नशा तस्करों की करोड़ों की संपत्ति पर कार्रवाई
पुलिस ने नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी बड़ा प्रहार किया। कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत की करीब 3.70 करोड़ रुपये और गांजा तस्कर संजय गुप्ता की लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की गई। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी संगठित अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
ऑपरेशन प्रहार में 1337 अपराधियों पर कार्रवाई
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूरे जिले में 1337 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 737 वांछित और पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। 8687 लोगों का सत्यापन किया गया, जबकि 2696 यातायात चालान और 376 वाहन सीज किए गए। पुलिस ने 3976 होटल, ढाबों, बार और पब की चेकिंग भी की।
कच्ची शराब और ओवरलोडिंग पर भी चला डंडा
अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान में 133 मुकदमे दर्ज कर 127 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। 3156 लीटर कच्ची शराब बरामद कर 63 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। वहीं ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान में सैकड़ों चालान और वाहन सीज किए गए।
धर्मांतरण और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई
धर्मांतरण मामलों में एसआईटी गठित कर जांच शुरू की गई है। वहीं सितारगंज में प्रतिबंधित आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े तार सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त जांच जारी है।
फिटनेस और अनुशासन पर विशेष फोकस
एसएसपी अजय गणपति द्वारा पुलिस बल में नियमित परेड, फिजिकल एक्टिविटी और “नो व्हीकल डे” जैसे कार्यक्रम लागू किए गए हैं। इसका असर पुलिस कर्मियों के व्यवहार, अनुशासन और कार्यशैली में साफ दिखाई दे रहा है।
एसएसपी अजय गणपति ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपराधियों, नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

error: Content is protected !!