चोरों के हौसले बुलंद: पॉश कॉलोनी से बाइक चोरी, लालकुआं में बढ़ते अपराधों पर उठे सवाल बाहरी लोगों के सत्यापन की मांग तेज, “नशे और संदिग्ध गतिविधियों पर कब चलेगा अभियान?” देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉 चोरों के हौसले बुलंद: पॉश कॉलोनी से बाइक चोरी, लालकुआं में बढ़ते अपराधों पर उठे सवाल
बाहरी लोगों के सत्यापन की मांग तेज, “नशे और संदिग्ध गतिविधियों पर कब चलेगा अभियान?”
लालकुआं। नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला नगर की पॉश कॉलोनी गांधीनगर वार्ड नंबर-2 का है, जहां बीती रात दो अज्ञात चोर ईएसआई कर्मी की पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन लगातार बढ़ रही वारदातों से क्षेत्रीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-2 निवासी एवं ईएसआई कर्मी प्रमोद चौहान ने स्थानीय कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बीती रात करीब 2:50 बजे दो युवक उनके घर के बाहर पहुंचे और उनकी पल्सर बाइक संख्या यूके-04एई-3876 का लॉक तोड़कर चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय कर दी गई है।

गौरतलब है कि लालकुआं क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। एक सप्ताह पहले पीएनबी बैंक के सामने से स्कूटी चोरी हुई थी, जबकि चार दिन पूर्व बिंदुखत्ता क्षेत्र में लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों का पुलिस व्यवस्था से भरोसा उठने लगा है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि भारी संख्या में बाहरी क्षेत्रों से मजदूर, कबाड़ी, फेरी लगाने वाले और किराए पर रहने वाले लोग लालकुआं में आकर बस रहे हैं, लेकिन उनका पुलिस सत्यापन नहीं किया जा रहा। लोगों का आरोप है कि बिना किसी जांच-पड़ताल के अज्ञात लोग क्षेत्र में रह रहे हैं, जिससे अपराध बढ़ने की आशंका लगातार गहराती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने किराएदारों, फेरी वालों, कबाड़ियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाने की मांग उठाई है।
लोगों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और उसी के चलते चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और बाहरी लोगों के सत्यापन के साथ नशे के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। फिलहाल पुलिस सभी घटनाओं के खुलासे में जुटी हुई है, लेकिन लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की नींद उड़ा दी है।

error: Content is protected !!