अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
एस एसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की सख्ती का असर: हल्द्वानी पुलिस ने दो बड़ी चोरियों का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी की निगरानी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एसएसपी ने टीम को ₹1500 पुरस्कार देने की घोषणा
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
पहला मामला रामपुर रोड स्थित बेड़ापोखरा, देवलचौड़ निवासी हेमंत सिंह के मकान का है। 8 जुलाई 2026 को हेमंत सिंह ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर डेल कंपनी का लैपटॉप, 42 इंच की एलईडी टीवी, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, हैवेल्स सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की चार मूर्तियां, पूजा का आसन, दो पीली धातु के झूले (पेंडिन), तांबे की आचविन तथा ट्रैकिंग बैग चोरी कर ले गए। इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरा मामला सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय, हल्द्वानी का है। अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अस्पताल परिसर में लगे स्प्लिट एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर पाइप चोरी कर लिए गए हैं। इस मामले में भी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार की गई जांच के बाद पुलिस ने दोनों मामलों का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रितिक बिष्ट उर्फ गोलू पुत्र रमेश सिंह बिष्ट, निवासी धारानौला, जनपद अल्मोड़ा तथा ऋषभ अग्रवाल पुत्र अजय कुमार, निवासी किच्छा रोड, फूलबट्टा, बस स्टेशन के पास, जनपद ऊधम सिंह नगर शामिल हैं।
पुलिस ने रितिक बिष्ट के कब्जे से चोरी गई 42 इंच एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, चार्जर, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, मंदिर की चार पीली धातु की मूर्तियां, पूजा का आसन, दो पीली धातु के झूले, तांबे की आचविन तथा हैवेल्स सीलिंग फैन बरामद किए। वहीं बेस चिकित्सालय से चोरी किए गए स्प्लिट एसी के कॉपर पाइप भी बरामद कर लिए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रितिक बिष्ट पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध अल्मोड़ा और हल्द्वानी में लूट, चोरी तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जांच कर रही है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार (चौकी प्रभारी टीपी नगर), उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की (चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव), हेड कांस्टेबल इसरार नबी (सीसीटीवी विश्लेषण), कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह अधिकारी तथा कांस्टेबल अनिल टम्टा शामिल रहे। टीम की तत्परता और उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी पुलिसकर्मियों को ₹1500 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हल्द्वानी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल दोनों चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है, बल्कि शहर में सक्रिय चोरी के गिरोहों के खिलाफ भी पुलिस का सख्त संदेश गया है कि अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बाईट एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल
