अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद से महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 12वीं की एक नाबालिग छात्रा का बोर्ड परीक्षा केंद्र के बाहर से अपहरण कर लिया गया। इसके बाद एक महिला ने अपने घर में छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाया और अपने देवर से उसके साथ दुष्कर्म कराया। इतना ही नहीं, पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी गई और 50 हजार रुपये की रंगदारी भी मांगी गई।
पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर क्षेत्र के पांवधोई निवासी समरीन ने पहले योजनाबद्ध तरीके से छात्रा से दोस्ती की और उसका विश्वास जीता। इसके बाद उसने छात्रा को अपने घर बुलाकर अपने देवर उवेश से मिलवाया। मुलाकात के बाद उवेश लगातार छात्रा से संपर्क में रहा और उस पर दबाव बनाने लगा।
आरोप है कि 16 मार्च को जब छात्रा बोर्ड परीक्षा देकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकली, तभी उवेश वहां पहुंचा और उसे डरा-धमकाकर जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर समरीन के घर ले गया। वहां समरीन ने छात्रा को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह अचेत हो गई।
पीड़िता के अचेत होने के बाद उवेश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान समरीन ने अपने मोबाइल से अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। होश आने पर आरोपितों ने यही वीडियो दिखाकर छात्रा को बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद उसे रोशनाबाद ले जाकर कोरे कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए और एक अन्य वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपित उस पर शादी का दबाव बनाने लगे। इंकार करने पर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। वीडियो और दस्तावेजों के आधार पर उससे 50 हजार रुपये की रंगदारी भी मांगी गई और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
बताया गया कि जब पीड़िता न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस के पास पहुंची तो प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिजनों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपित उवेश और समरीन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण, न्यायालय में बयान तथा डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना महिला सुरक्षा, नाबालिगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
